देश की नंबर एक महिला पहलवान गीता फोगाट को तगड़ा झटका लगा है। अगले साल होने वाले राष्ट्रमंडल खेलों में गीता फोगाट कुश्ती लड़ती नजर नहीं आएंगी। शनिवार को सरोजनीनगर स्थित साई सेंटर में आयोजित ट्रायल्स में गीता को पूजा ढांढा ने चित किया। इस हार के साथ ही गीता का राष्ट्रमंडल खेलों में दूसरी बार गोल्ड जीतने का सपना टूट गया। इस जीत के साथ ही पूजा ने अगले साल होने वाली एशियाई चैम्पियनशिप के लिए भी क्वालीफाई कर लिया है।
अन्य रेसलरों की बात करें तो, गीता की बहनें विनेश फोगट (50 किग्रा) तथा बबिता कुमारी (53 किग्रा) ने बाजी मरते हुए क्वालीफाई किया। इसके अलावा दिव्या काकरण (68 किग्रा) और किरण बिश्नोई (76 किग्रा) ने भी राष्ट्रमंडल खेल और एशियाई चैम्पियनशिप के लिए क्वालीफाई किया।
रियो ओलंपिक में देश को कांस्य पदक दिलाने वाली साक्षी मलिक में कॉमनवेल्थ की टिकट कटाने में सफल रही। चयन ट्रायल यहां भारतीय खेल प्राधिकरण के ट्रेनिंग सेंटर में छह वजन वर्गों में कराया गया। छह फ्रीस्टाइल पहलवान किर्गीस्तान के बिशकेक में होने वाली 2018 सीनियर एशियाई कुश्ती चैम्पियनशिप में भी देश का प्रतिनिधित्व करेंगी।
सुशील कुमार ने भी किया क्वालीफाई
दो बार के ओलंपिक मेडलिस्ट पहलवान सुशील कुमार अगले साल अप्रैल में होने वाले राष्ट्रमंडल खेलों में प्रतिस्पर्धा करेंगे। केडी जाधव स्टेडियम में आयोजित ट्रायल में सुशील ने जीत हासिल करते हुए टीम में जगह बनाई। सुशील ने 74 किलोग्राम भारवर्ग में जितेंद्र कुमार को 4-3 से मात दी।
इससे पहले राष्ट्रमंडल खेलों में दो पदक जीत चुके हैं। उन्होंने नई दिल्ली 2010 और ग्लास्गो 2014 में स्वर्ण पदक जीते थे। ग्लास्गो के बाद सुशील को चोट लग गई थी। इसी कारण वह रियो ओलंपिक में जाने से चूक गए। वह पिछले महीने राष्ट्रीय चैंपियनशिप में उतरे थे। उन्होंने हाल ही में जोहानसबर्ग राष्ट्रमंडल कुश्ती चैम्पियशिप में स्वर्ण पदक जीता था।