नई दिल्ली: मणिपुर के मुख्यमंत्री श्री एन. बिरेन सिंह ने आज यहां पूर्वोत्तर विकास राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार), कार्मिक, लोक शिकायत, पेंशन, परमाणु ऊर्जा एवं अंतरिक्ष राज्य मंत्री डॉ. जितेन्द्र सिंह से मुलाकात की और राज्य में चलने वाली तमाम परियोजनाओं से संबंधित विस्तृत विषयों पर चर्चा की।
मणिपुर के मुख्यमंत्री और पूर्वोत्तर विकास राज्य मंत्री के बीच अकेले में मुलाकात हुई और उसके बाद राज्य सरकार तथा पूर्वोत्तर राज्य विकास मंत्रालय के अधिकारियो के साथ एक संयुक्त बैठक में दोनों नेताओं ने हिस्सा लिया। चर्चा के दौरान इंफाल के पास खेल विश्वविद्यालय की स्थापना पर भी चर्चा की गई, जिसकी घोषणा लगभग दो वर्ष पहले प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने की थी। बहरहाल, कुछ प्रक्रिया और भू-अधिग्रहण संबंधी मुद्दों के कारण इसमें विलंब हो गया था। बैठक में फैसला किया गया कि खेल मंत्रालय के साथ बातचीत करके परियोजना को तेजी के साथ पूरा किया जाएगा।
डॉ. जितेन्द्र सिंह ने मुख्यमंत्री को बताया कि एनएलसीपीआर के जरिए पूर्वोत्तर विकास मंत्रालय मणिपुर को 48 करोड़ रुपए का अनुदान देगा, ताकि खुमन-लाम्पक खेल परिसर के हॉकी स्टेडियम में फ्लड-लाईट लगाई जा सकें।
डॉ. जितेन्द्र सिंह ने बताया कि पूर्वोत्तर विकास मंत्रालय राज्य के विभिन्न जिलों में महिलाओं के बाजार के निर्माण के लिए मणिपुर सरकार की मदद करेगा। मणिपुर के विभिन्न जिलों में मिनी-सचिवालयों के निर्माण का भी प्रस्ताव रखा गया, जिस पर आगे चलकर अमल किया जाएगा।
उल्लेखनीय है कि डॉ. जितेन्द्र सिंह ने कुछ महीने पहले ‘हवाई अस्पताल-एम्बुलेंस’ हैलीकॉप्टर सेवा शुरू करने का अभिनव विचार पेश किया था। इसे पूर्वोत्तर परिषद के जरिए पूरा किया जाएगा। इस सेवा के शुरू हो जाने से दूर-दराज के इलाकों में रहने वालों को बहुत लाभ होगा, जिन्हें आसानी से स्वास्थ्य केन्द्रों पर पहुंचने में कठिनाई होती है। हवाई अस्पताल में विशेषज्ञ डॉक्टर मौजूद रहेंगे तथा ओपीडी सुविधाओं से यह लैस रहेगा। हैलीकॉप्टर के जरिए आवश्यकता पड़ने पर बीमार व्यक्तियों को ले जाया जाएगा।
डॉ. जितेन्द्र सिंह ने श्री बिरेन सिंह को सुझाव दिया कि दिल्ली में मणिपुर के विभिन्न दस्तकारी और अन्य समृद्ध विरासत को पेश करने का आयोजन करें, ताकि पूरा देश उनसे लाभान्वित हो सकें।