लखनऊ: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री श्री योगी आदित्यनाथ ने रामनवमी के पर्व पर प्रदेशवासियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी है। यहां जारी एक सन्देश में मुख्यमंत्री ने कहा कि भगवान श्रीराम आदर्श व्यक्तित्व के प्रतीक हैं। उनका पूरा जीवन सिद्धान्तों व संघर्षों से परिपूर्ण है। उन्होंने हमें धर्म का अनुसरण करते हुए जीवन जीने की प्रेरणा दी है। मर्यादा पुरुषोत्तम के रूप में उनका जीवन हम सभी को त्याग, मर्यादाओं के पालन और कर्तव्य परायणता की सीख देता है।
वर्तमान सन्दर्भों में भी मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्रीराम के आदर्शों का जनमानस पर गहरा प्रभाव है। राजा राम का शासन अर्थात राम राज्य शान्ति और समृद्धि का प्रतीक है। उनके महान चरित्र की उच्च वृत्तियां जनमानस को आनन्द और शान्ति उपलब्ध कराती हैं।
