देहरादून: राज्यपाल डा0 कृष्ण कान्त पाल ने राजभवन देहरादून में डा. आर्यभूषण गर्ग की पुस्तक **the shavian woman** का विमोचन किया। डा. गर्ग ने अपनी पुस्तक की प्रथम प्रति राज्यपाल को भेंट की। श्री गर्ग आई.आई.टी रूड़की प्रोफेसर के पद से सेवानिवृत हो चुके हैं। उन्होनें अपनी पुस्तक में अंग्रेजी साहित्य के प्रसिद्ध साहित्यकार तथा नाटककार नोबेल विजेता जार्ज बर्नाड शाॅ की साहित्य विशेषताओं का विस्तार से वर्णन किया है।
पुस्तक के लेखक डाॅ0 आर्यभूषण गर्ग ने संक्षेप में पुस्तक की विषयवस्तु से राज्यपाल को अवगत भी कराया। उन्होंने बताया कि किस प्रकार जार्ज बनार्ड शाॅ ने अपनी साहित्य रचनाओं के माध्यम से नारी को रोमांटिसिज्म से निकालकर रिअलिस्टिक भूमिका में प्रदर्शित किया था, जबकि उनके पूर्ववर्ती साहित्यकारों की रचनाओं में नारी सौम्य, कोमल और निःसहाय सी प्रतीत होती थी। जार्ज बनार्ड शाॅ ने नारी को अपनी रचनाओं में एक सशक्त, बाहदुर, मजबूत और जांबाज नारी की अकल्पनीय भूमिका में चित्रित किया। राज्यपाल ने डाॅ गर्ग द्वारा 90 वर्ष की वयोवृद्ध अवस्था में भी साहित्य सृजन किये जाने की प्रशंसा की। उन्होंने श्री गर्ग को पुस्तक रचना के लिए बधाई देते हुए उनको स्वस्थ्य जीवन की शुभकामनायें भी दी।
इस अवसर पर डा. आर्य भूषण गर्ग के पुत्र पीयूष कुमार गर्ग, उनकी पुत्रवधु डा. अनुपमा गर्ग सहित आईआईटी रूड़की में उनके सहकर्मी रहे प्रो. ए.पी.त्रिवेदी सहित कई लोग उपस्थित रहे।
