लखनऊ: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी ने ताजनगरी आगरा में उत्कृष्ट पर्यटन सुविधाएं उपलब्ध कराने हेतु विश्व बैंक सहायतित प्रो-पुअर पर्यटन विकास परियोजना के अन्तर्गत कछपुरा एवं मेहताब बाग क्षेत्र की पर्यटन विकास परियोजनाओं का शिलान्यास किया।
इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए मुख्यमंत्री जी ने कहा कि आगरा के विकास की योजनाएं, जो अभी तक प्रारम्भ नहीं हो पाई हैं अथवा लम्बित चल रही हैं, उन्हें प्राथमिकता के आधार पर पूर्ण कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि जिस योजना का शिलान्यास होगा, उसका उद्घाटन भी अवश्य किया जाएगा।
योगी जी ने कहा कि आगरा पर्यटन की दृष्टि से महत्वपूर्ण है और इसकी पहचान ताजमहल से जुड़ती है। इसके साथ ही, आगरा का पेठा भी मशहूर है। इसी प्रकार अन्य जनपदों की भी मशहूर वस्तुओं को एक मंच पर लाकर उनका व्यापक प्रचार-प्रसार कराया जाएगा। इसके लिए सभी जनपदांे की प्रसिद्ध वस्तुओं को चयनित कर ’वन डिस्ट्रिक्ट-वन प्रोडक्ट’ योजना के तहत पहचान दिलाई जाएगी।
इसके उपरान्त, मुख्यमंत्री जी ने प्राथमिक विद्यालय कछपुरा पहुंचकर छात्रों को मेहनत से मन लगाकर पढ़ाई करने की सीख दी। उन्होंने छात्र शहनवाज, नियति, विष्णु आदि से बात भी की। उन्होंने छात्र-छात्राओं से डेªस वितरण, बैग की गुणवत्ता, मिड डे-मील, शिक्षा आदि से सम्बन्धित जानकारी ली।
कार्यक्रम को सांसद एवं राष्ट्रीय अनुसूचित जाति आयोग के अध्यक्ष प्रो0 रामशंकर कठेरिया एवं विधायक श्री राम प्रताप सिंह चैहान ने भी सम्बोधित किया।
इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री डाॅ0 दिनेश शर्मा, पर्यटन मंत्री प्रो0 रीता बहुगुणा जोशी, पशुधन मंत्री श्री एस0पी0 सिंह बघेल सहित अन्य जनप्रतिनिधिगण, शासन-प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।