उत्तर प्रदेश में कांग्रेस ने अपनी टीम तैयार करने की दिशा में कदम उठाते हुए उत्तर प्रदेश के सभी जिलों में 133 जिला व शहर अध्यक्ष घोषित कर दिए हैं। इसी क्रम में जनपद इटावा में आशुतोष दीक्षित को जिला अध्यक्ष व मो राशिद को नगर अध्यक्ष नियुक्त किया गया है।
जनपद के महेवा विकासखंड के ग्राम निवाड़ी कलां के रहने वाले आशुतोष दीक्षित युवा हैं तथा कर्मठ कांग्रेसी कार्यकर्ता हैं। सौम्य स्वभाव के आशुतोष दीक्षित को जनपद कांग्रेस पार्टी की कमान सौंपना कांग्रेस नेतृत्व का इटावा में पार्टी की खोई प्रतिष्ठा को वापस लाने की दिशा में उठाया गया एक कदम माना जा रहा है।
उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी मीडिया विभाग के चेयरमैन, पूर्व मंत्री डॉ0 सी0पी0 राय ने जिलाध्यक्षों एवं शहर अध्यक्षों के बारे में जानकारी देते हुए बताया कि कांग्रेस पार्टी ने पारदर्शी तरीके से आंतरिक लोकतंत्र को बनाये रखते हुए पूरी सकारात्मकता के साथ, पिछले तीन महीने से ज़मीनी कार्यकर्ताओं से समन्वय स्थापित कर एक साथ पूरे प्रदेश के समस्त जिला एवं शहर अध्यक्षों की सूची जारी की है।
राहुल गांधी जी की मुहिम के अनुसार अध्यक्ष पद पर सामाजिक न्याय की अवधारणा का पूरा ध्यान रखा गया है और उसमें पिछड़ों के साथ अतिपिछड़ों तथा दलितों के साथ अतिदलितों और सामान्य वर्ग में भी सभी को स्थान दिया गया है एवं अल्पसंख्यक समुदाय तथा महिलाओं को भी प्रतिनिधित्व दिया गया है।
इस बार अध्यक्ष के चयन के लिए प्रदेश मुख्यालय पर 6 दिन तक सभी आवेदकों का इंटरव्यू लिया गया और इसके लिए सभी पूर्व प्रदेश अध्यक्ष तथा वरिष्ठ नेताओं को बुलाया गया था जिन्होंने प्रभारी राष्ट्रीय महासचिव और प्रदेश अध्यक्ष तथा राष्ट्रीय सचिवगणों के साथ आवेदकों से बात किया और उसके उपरांत सभी की राय पर जिला अध्यक्ष तथा शहर अध्यक्षों का चयन किया गया ।
डॉ0 राय ने बताया कि पहली बार पूरे प्रदेश के समस्त जिलों एवं शहरों की सूची एक साथ जारी हुई है। समस्त जिला/शहर अध्यक्षों का मनोनयन एक पारदर्शी प्रक्रिया के तहत, ज़मीनी कार्यकर्ताओं एवं जिलों के वरिष्ठ नेताओं तथा पार्टी के सांसदों, विधायकों, पूर्व विधायकों, पूर्व सांसदों से समन्वय स्थापित कर एवं वार्ता करके किया गया है ।
राष्ट्रीय महासचिव श्रीमती प्रियंका गांधी जी के ‘‘लड़की हूँ लड़ सकती हूँ‘‘ के ध्येय वाक्य को स्मरण रखते हुए महिलाओं की भागीदारी भी बढ़ायी गई है।
राष्ट्रीय अध्यक्ष माननीय मल्लिकार्जुन खरगे जी, राष्ट्रीय महासचिव प्रभारी उत्तर प्रदेश श्री अविनाश पांडे जी, सभी छह राष्ट्रीय सचिव एवं प्रदेश अध्यक्ष श्री अजय राय जी व सीएलपी नेता श्रीमती आराधना मिश्रा ‘मोना’ जी के समेकित प्रयासों से ये मनोनयन हुए हैं।
उन्होंने बताया कि 2027 के चुनाव में मजबूत भागीदारी हेतु पंच स्तरीय संगठन का निर्माण अगले 100 दिनों में किया जायेगा।
प्रदेश में सामान्य वर्ग के 30 प्रतिशत एवं दलित, पिछड़ा, अल्पसंख्यक सहित लगभग 70 प्रतिशत कार्यकर्ताओं को प्रदेश के जिला एवं शहर इकाईयों के अध्यक्ष पद पर कार्य करने का अवसर शीर्ष नेतृत्व द्वारा प्रदान किया गया है। जिसमें 21 से 30 उम्र के 1, 31 से 40 उम्र के 24, 41 से 50 उम्र के 59, 51 से 60 उम्र के 40, 61 से 70 उम्र के 5 तथा 70 से अधिक उम्र के 2 कार्यकर्ताओं को जिला/शहर का कार्यभार सौंपा गया है।