टीम इंडिया के हेड कोच रवि शास्त्री ने पूर्व भारतीय कप्तान महेंद्र सिंह धोनी की तारीफों के कसीदे पढ़े हैं। धोनी की प्रशंसा करते हुए शास्त्री ने उन्हें दुनिया का सर्वश्रेष्ठ कप्तान बताया। श्रीलंका के खिलाफ 3 अगस्त से शुरू होने वाले दूसरे टेस्ट से पहले पत्रकारों से बात करते हुए शास्त्री ने कहा कि “महेंद्र सिंह धोनी की कप्तानी में भारतीय टीम ने आईसीसी के कई बड़े खिताबों पर कब्ज़ा जमाया। विश्वकप, वर्ल्ड टी20 और चैंपियंस ट्रॉफी के खिताब को भारत ने अपने कब्ज़े में लिया। इसके अलावा भारत ने कुछ आईसीसी टूर्नामेंट के फाइनल मैच भी खेले, जिसमें टीम उप विजेता रही। धोनी की कप्तानी का रिकॉर्ड शानदार है। वो विश्व के सबसे महान कप्तान भी हैं।”
शास्त्री ने मौजूदा भारतीय कप्तान विराट कोहली के बारे में भी अपनी राय रखी। कोहली के बारे में बात करते हुए उन्होंने कहा “विराट भी अब धोनी के मार्गदर्शन पर चलना सीख गए हैं।” उन्होंने आगे कहा “कोहली की कप्तानी में खेल रही मौजूदा टीम भारतीय क्रिकेट इतिहास की सबसे अच्छी टीम बन सकती है। इस टीम में सभी रिकॉर्ड तोड़ने और इतिहास बनाने का पूरा दमखम है।”