देहरादून: पुलिस महानिदेशक उत्तराखण्ड द्वारा प्रदेश में गुमशुदा बच्चों की तलाश एवं पुनर्वास हेतु ऑपरेशन स्माइल अभियान को पुनः दिनांक 01.06.2017 से दिनांक 30.06.2017 तक चलाये जाने हेतु निर्देशित किया गया है। उक्त अभियान में जनपद देहरादून, हरिद्वार, नैनीताल, ऊधमसिंहनगर में 04-04 टीम व शेष जनपदों में 01-01 तलाशी टीम (प्रत्येक टीम में उपनिरीक्षक-1, आरक्षी-4), व तलाशी टीम की सहायता हेतु 01-01 विधिक व टेक्निकल टीम का गठन किया गया है।
मुख्यालय स्तर पर उक्त अभियान की नोडल अधिकारी श्रीमती शाहजहाँ जावेद खान, अपर पुलिस अधीक्षक, एण्टी ह्यूमन ट्रैफिकिंग सेल, पुलिस मुख्यालय, उत्तराखण्ड हैं, जिनके द्वारा प्रदेश में चलाये जा रहे उक्त अभियान का पर्यवेक्षण किया जा रहा है।
अभियान ऐसे समस्त सम्भावित स्थान जहां बच्चों के मिलने की सम्भावना अधिक है, जैसे शेल्टर होम्स/ढाबों/कारखानों/बस अड्डा/रेलवे स्टेशन आदि में चलाया जा रहा है। अभियान में अन्य सम्बन्धित विभागों का भी सहयोग लिया जा रहा है। उपरोक्त तलाशी टीमों द्वारा अपने जनपद के साथ-साथ अन्य जनपदों/राज्यों के गुमशुदा बच्चों को भी तलाश किया जा रहा है।
अभियान में दिनांक 01.06.2017 से 07-06-2017 तक समस्त टीमों के कठिन परिश्रम, लगन व मेहनत से कुल 77 बच्चों को बरामद किया जा चुका है, जिसमें से 15 पंजीकृत तथा 62 अपंजीकृत हैं। बरामद कुल 77 बच्चों में 64 बच्चों को उनके परिजनों के सुपुर्द किया जा चुका है तथा शेष 13 बच्चों को पुनर्वास हेतु बालगृह दाखिल किया गया है, जिनके परिजनों के सम्बन्ध में आवश्यक जानकारी की जा रही है। बरामद बच्चों में काफी संख्या में ऐसे बच्चे भी हैं, जो काफी समय से अपने परिजनों से बिछुड़े हुए थे। देहरादून ऑपरेशन स्माइल टीम द्वारा पश्चिम बंगाल की एक पंजीकृत बालिका व हरिद्वार ऑपरेशन टीम द्वारा झारखण्ड में पंजीकृत एक गुमशुदा बालक तथा चम्पावत टीम द्वारा नेपाल में पंजीकृत 01 बालक व 01 बालिका को बरामद किया गया है।
अभियान में जनपद नैनीताल टीम द्वारा थाना लालकुआं में पंजीकृत मु0अ0सं0 137/17 धारा 365 भादवि की गुमशुदा कु0 उर्मिला पुत्री गोपाल यादव निवासी राजीव नगर लालकुआं नैनीताल को सकुशल बरामद किया गया। उक्त बालिका को ऑपरेशन टीम के अथक प्रयास द्वारा रूद्रपुर से बरामद किया गया। अपनी गुमशुदा बालिका को पाकर उर्मिला के माता-पिता काफी खुश हुए तथा उनके द्वारा ऑपरेशन स्माइल टीम का धन्यावाद किया गया।
बालक कृष्णा प्रजापति उम्र 16 वर्ष पुत्र फामू प्रजापति निवासी ग्राम रामनगर झारखण्ड 10वीं कक्षा में फेल हो गया था, जिसे उसके परिजनों ने मो0सा0 गैराज में काम सिखाने हेतु लगाया था। गैराज मिस़्त्री द्वारा बालक को 2700 रू0 दिये गये थे, जिसे लेकर वह 02.06.2017 को वहां से भागकर हरिद्वार आ गया, जिसकी गुमशुदगी झारखण्ड में दर्ज है। बालक को एण्टी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट हरिद्वार द्वारा रेलवे स्टेशन से बरामद किया गया तथा परिजनों को सूचित किया गया। परिजनों द्वारा हरिद्वार ऑपरेशन स्माइल टीम का आभार प्रकट करते हुए धन्यवाद किया गया।
प्रदेश में गुमशुदा बच्चों की तलाश हेतु चलाये जा रहे उक्त ऑपरेशन स्माइल की जनता द्वारा काफी प्रशंसा की जा रही है।
क्रम सं0 | जनपद का नाम | बरामद बच्चों की संख्या |
1 | देहरादून | 13 |
2 | हरिद्वार | 18 |
3 | नैनीताल | 05 |
4 | ऊधमसिंहनगर | 13 |
5 | पौड़ी गढ़वाल | 03 |
6 | टिहरी | 01 |
7 | उत्तरकाशी | 02 |
8 | रूद्रप्रयाग | 03 |
9 | चमोली | 01 |
10 | चम्पावत | 10 |
11 | बागेश्वर | 01 |
12 | अल्मोड़ा | – |
13 | पिथौरागढ़ | 04 |
14 | रेलवेज | 03 |
योग | 77 |
1 comment