नई दिल्लीः सड़क परिवहन एवं राजमार्ग, जहाजरानी और रसायन तथा उर्वरक राज्य मंत्री श्री मनसुख मंडाविया ने लक्षद्वीप प्रशासन, कोचीन शिपयार्ड लिमिटेड और अंडमान लक्षद्वीप हार्बर वर्क्स के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक की। वे लक्षद्वीप द्वीप के दो दिन के दौरे पर हैं। श्री मंडाविया ने कोचीन शिपयार्ड के 500 और 250 यात्रियों की क्षमता वाले जहाज बनाने की परियोजना को पूरा सहयोग देने का आश्वासन दिया है। उन्होंने लक्षद्वीप प्रशासन से कहा कि लक्षद्वीप प्रशासन कई वर्षों से केंद्रीय सड़क कोष के धन का प्रयोग नहीं कर रहा है। श्री मंडाविया ने कहा कि अगर प्रस्ताव भेजा जाता है तो 15 दिन के अंदर सड़क विकास के लिए 2 करोड़ रुपए जारी कर दिए जाएंगे।
कोचीन शिपयार्ड और लक्षद्वीप प्रशासन ने स्वच्छ भारत अभियान के तहत वित्तीय मदद के लिए एक समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए। श्री मंडाविया ने लक्षद्वीप के प्रशासक को ओडीएफ योजना के तहत शौचालय निर्माण के लिए 1 करोड़ रुपए का चैक सौंपा। यह राशि कोचीन शिपयार्ड ने कोरपोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व- सीएसआर के तहत प्रदान किए।
श्री मंडाविया ने ब्रांडेड दवाइयों की तुलना में 50 प्रतिशत सस्ती और गुणवत्तापूर्ण दवाएं समाज के सभी वर्गों को उपलब्ध कराने की अपने मंत्रालय की महत्तवपूर्ण योजना प्रधानमंत्री भारतीय जन औषधि परियोजना के बारे में भी चर्चा की। जन औषधि केंद्र खोलने के लिए सरकार 2.5 लाख रुपए की वित्तीय मदद और कुल बिक्री का 20 फीसदी देती है।
8 comments