देहरादून: मुख्यमंत्री श्री त्रिवेन्द्र सिंह रावत ने सचिवालय में प्रदेश में कानून व्यवस्था की स्थिति की समीक्षा की। मुख्यमंत्री ने पुलिस के आला अधिकारियों को दो टूक कहा कि कानून व्यवस्था में कोई कोताही स्वीकार न की जाय। राज्य में अभिसूचना तन्त्र को और सघन तथा मजबूत बनाया जाय। पुलिस आंतरिक सुरक्षा की दृष्टि से और साइबर क्राइम जैसी नई चुनौतियों के लिए हमेशा अलर्ट मोड में रहे। जनता से जुड़े, उनकी समस्याओं के प्रति संवेदनशील हों। एक आम नागरिक को थानों- चैकियों में प्रवेश करते समय यह अहसास हो कि उसकी सुनवाई हो रही है। अपराधियों से सख्ती से निपटा जाय। किसी को भी देवभूमि का माहौल खराब करने की इजाजत नहीं दी जाएगी। नशे के कारोबार पर सख्ती से लगाम लगाई जाय। इस अवसर पर वित्त मंत्री प्रकाश पंत, पुलिस महानिदेशक एम गणपति, अपर पुलिस महानिदेशक अशोक कुमार, सचिव गृह विनोद शर्मा उपस्थित थे।
बैठक में मुख्यमंत्री श्री त्रिवेन्द्र ने कहा कि आन्तरिक सुरक्षा की दृष्टि से सीमान्त क्षेत्रों में थानों का विस्तारीकरण किया जाए। बैठक में थैलीसैंण एवं पैठाणी को थाना बनाने एवं पाबों को चैकी बनाकर पौड़ी थाने में सम्मिलित करने पर सहमति बनी।
इस अवसर पर 09 थाना/पुलिस चैकियों के विस्तारीकरण पर सहमति बनी। जिसमें से नैनीताल में 02 थाने तथा एक पुलिस चैकी, अल्मोड़ा में 03 थाने एवं देहरादून में 2 थानों के विस्तारीकरण पर सहमति बनी।
जिन थानों/रि0पु0 चैकी का विस्तारीकरण किया जाना है, उनमें नैनीताल में रि0पु0चैकी खैरना, थाना भवाली एवं मुक्तेश्वर, जनपद अल्मोड़ा में थाना भतरौजखान, अल्मोड़ा में लमगड़ा, सोमेश्वर है। जबकि जनपद देहरादून में चकराता एवं त्यूनी थाने के विस्तारीकरण पर सहमति बनी। आंतरिक सुरक्षा की दृष्टि से पुलिस को और आवश्यक थानों के प्रस्ताव भी तैयार करने को कहा गया।
बैठक में बताया गया कि अब तक पंजीकृत मामलों में से 78 प्रतिशत मामलों का सफल अनावरण करके 47 प्रतिशत मामलों का निस्तारण किया जा चुका है। डकैती जैसे गम्भीर मामलों में लगभग सभी का अनावरण कर लिया गया है। डकैती, लूट, हत्या जैसे जघन्य अपराधों में लगभग 75 प्रतिशत अभियुक्तों की गिरफ्तारी की गई है। लूटी/चोरी गई सम्पत्ति में से 4.07 करोड़(45 प्रतिशत) की सम्पत्ति बरामद की गई। जबकि गत वर्ष का सम्पत्ति में से बरामदगी का राष्ट्रीय प्रतिशत 16.4 है। इसके साथ ही संगीन मामलों में लम्बे समय से फरार चल रहे 57 इनामी अपराधियों को भी गिरफ्तार किया गया है। अवैध शराब पर प्रभावी रोकथाम के दृष्टिगत 2711 अभियुक्तों की गिरफ्तार करके रू0 4.83 करोड़ की अवैध शराब की 1.63 लाख बोतल बरामद किये गये। मादक पदार्थों पर प्रभावी रोकथाम के दृष्टिगत 534 अभियुक्तों को गिरफ्तार करके 115.341 कि.ग्रा. चरस, 2.831 कि.ग्रा. स्मैक, 208.161 कि.ग्रा. गांजा, 10.416 कि.ग्रा. अफीम, 48.5 कि.ग्रा. डोडा अफीम पोसत, 17582 नशीली गोलियां, 7040 नशीले इंजेक्शन, 20633 नशीले कैप्सूल एवं 390 सिंरिंज(कुल कीमती रू.4.97 करोड़) बरामद की है। दिनांक 8 मई, 2017 को सैटिन क्रेेडिट केयर नेटवर्क लिमिटेड शाखा जसपुरखुर्द आईटीआई उधमसिंहनगर में हुई डकैती का 08 दिन के अन्दर ही अनावरण कर 07 अभियुक्तों गिरफ्तार कर लूटी गई नगदी, 08 मोबाइल सहित 02 मोटर साईकिल, 01 जायलो कार बरामद की गई। दिनांक 26.04.2017 को नेहरू कालोनी, देहरादून क्षेत्र में सर्राफा व्यापारी से सोना ठगने के मामले का खुलाासा करके 03 अभियुक्तों को 1.600 कि.ग्रा. सोने नकली नोट नुमा 16 बण्डलों के साथ गिरफ्तार किया गया। देहरादून में हुई तीन डकैतियों का सफल अनावरण करके 19 अभियुक्तों की गिरफ्तारी की गई। जनपद उधमसिंहनगर के पुलभट्टा क्षेत्र में पेट्रोल पम्प मैनेजर के साथ हुई डकैती के प्रकरण में त्वरित अनावरण करके 07 अभियुक्तों की लूटी हुई पूरी नगदी सहित गिरफ्तारी की गई।