नई दिल्लीः केंद्रीय इलेक्ट्रॉनिक्स और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय ने घोषणा करते हुए कहा कि बहु-प्रतीक्षित स्मार्ट इंडिया हैकथॉन- 2018 कार्यक्रम 30 और 31 मार्च, 2018 को पूरे पूरे भारत के 28 मॉडल केंद्रों पर एक साथ आयोजित किया जाएगा। 27 मंत्रालय और 17 राज्य सरकारें इस भव्य पहल के साझीदार बने हैं। हैदराबाद, केंद्रीय इलेक्ट्रॉनिक्स और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय का नोडल केंद्र है। मंत्रालय इस पहल का प्रमुख सहयोगी है। मंत्रालय के सचिव श्री अजय साहनी ने कहा कि स्मार्ट इंडिया हैकथॉन (एसआईएच)- 2018, छात्रों को एक अवसर देता है, जिसमें वे अपने रचनात्मक कौशल का उपयोग करते हुए देश की वास्तविक समस्याओं का समाधान प्रस्तुत कर करते हैं। उन्होंने आशा व्यक्त करते हुए कहा कि एसआईएच-2018 के आयोजन से नवीन समाधान प्राप्त होंगे, जिनका व्यावसायिक स्तर पर उपयोग किया जाना संभव होगा।
स्मार्ट इंडिया हैकथॉन का प्रथम संस्करण 2017 में आयोजित किया गया था। स्मार्ट इंडिया हैकथॉन- 2018 भव्य स्तर पर आयेाजित किया जा रहा है। इसके अंतर्गत दो उप संस्करण हैं:- पहला, सॉफ्टवेयर संस्करण जो 36 घंटों की एक प्रतियोगिता है। यह 30 और 31 मार्च, 2018 को आयोजित की जाएगी और इसके अंतर्गत सॉफ्टवेयर उत्पाद विकास की प्रतियोगिता होगी। दूसरा, उप संस्करण हार्डवेयर संस्करण है। यह प्रतियोगिता बाद में आयोजित की जाएगी। सॉफ्टवेयर संस्करण के भव्य समापन कार्यक्रम के तहत केंद्रीय मंत्रालय/विभाग छात्रों के समक्ष समस्याएं रखेंगे और प्रतिभागी छात्र इन समस्याओं का नवीन डिजिटल समाधान प्रस्तुत करेंगे। इस प्रतियोगिता के लिए 340 सॉफ्टवेयर समस्या–वकतव्यों को तैयार किया गया है। विजेताओं को नकद धनराशि प्रदान की जाएगी तथा उन्हें नैस्कॉम के 10 हजार स्टार्ट-अप कार्यक्रम में हिस्सा बनने का मौका भी मिलेगा।
स्मार्ट इंडिया हैकथॉन- 2018 के बारे में
स्मार्ट इंडिया हैकथॉन- 2018 का पहला आयोजन अक्टूबर, 2017 में पुणे में किया गया था। इस आयोजन से छात्रों की रचनात्मकता और विशेषज्ञता को प्रोत्साहन मिलेगा। छात्रों द्वारा प्रदान किए गए समाधान से प्रशासन तथा जीवन स्तर को बेहतर बनाने में मदद मिलेगी। केंद्रीय मानव संसाधन विकास मंत्रालय के तत्वावधान में अखिल भारतीय तकनीकी शिक्षा परिषद (एआईसीटीई), इंटर इंस्टीट्यूटनल इंक्लूसिव इनोवेशन सेंटर (आई4सी), माय गॉव, पर्सिस्टेंट सिस्टम तथा रामभाउ महालगी प्रबोधिनी के सहयोग से स्मार्ट इंडिया हैकथॉन- 2018 आयोजित कर रहा है।