नई दिल्लीः रक्षा मंत्री श्रीमती निर्मला सीतारमण अंतर्राष्ट्रीय सुरक्षा पर 3 से 7 अप्रैल, 2018 तक आयोजित होने वाले 7वें मॉस्को सम्मेलन में शामिल होने के लिए तीन दिनों की रूस यात्रा पर हैं। रक्षा मंत्री ने कल मॉस्को में रूसी गणराज्य के उद्योग तथा व्यापार मंत्री श्री डेनिस मंटूरोब से मुलाकात की। दोनों राजनेताओं ने दोनों देशों के बीच सैन्य प्रौद्योगिकी सहयोग परियोजनाओं की समीक्षा की। इस बैठक में मेक – इन – इंडिया कार्यक्रम के तहत रक्षा उत्पादन में भारत – रूस औद्योगिक गतिविधियों को प्रोत्साहन देने के लिए विभिन्न उपायों पर भी चर्चा हुई। दोनों राजनेताओं ने 11 से 14 अप्रैल, 2018 तक चेन्नई में आयोजित होने वाले डेफएक्सपो इंडिया 2018 में रूस के भाग लेने के विषय पर भी चर्चा की।
श्रीमती सीतारमण ने रूस के रक्षा मंत्री जनरल सर्जेई शोएगु से भेंट की और द्विपक्षीय महत्व के विषयों विशेषकर सैन्य सहयोग तथा अन्य क्षेत्रीय मामलों पर चर्चा की। इन मामलों में आपसी सैन्य अभ्यास, प्रशिक्षण, दोनों देशों की यात्राएं तथा इस वर्ष रूस में आयोजित होने वाले अंतर्राष्ट्रीय सैन्य खेल में भारत की प्रतिभागिता जैसे सैन्य सहयोग के विषय शामिल थे।
रक्षा मंत्री श्रीमती निर्मला सीतारमण शाम को प्रसिद्ध सरोद वादक उस्ताद अमजद अली खान के संगीत कार्यक्रम में शामिल हुई। यह कार्यक्रम भारत रूस राजनयिक सबंध की 70वीं वर्षगांठ के लिए वर्ष भर चलने वाले कार्यक्रमों के समाप्ति समारोह के रूप में आयोजित किया गया था।