देहरादून: गुरूवार को न्यू कैंट रोड़ स्थित सीएम आवास में दयानंद शिक्षा संस्थान के तत्वाधान में स्व0 जगेंद्र स्वरूप की प्रथम पुण्य तिथि पर स्मृति सभा का आयोजन किया गया। पूर्व एमएलसी व दयानंद शिक्षा संस्थान के महामंत्री रहे स्व. जगेंद्र स्वरूप का भावपूर्ण स्मरण करते हुए मुख्यमंत्री हरीश रावत ने कहा कि सरल, सहज जगेंद्र स्वरूप जी में लोगों में अपनत्व पैदा करने की अद्भुत क्षमता थी।
मुख्यमंत्री श्री रावत ने कहा कि श्री दयानंद सरस्वती जी के दिखाए मार्ग पर चलकर स्व. वीरेंद्र स्वरूप व स्व. जगेंद्र स्वरूप ने ज्ञान का प्रकाश फैलाया। वे एक महान विद्वान व शिक्षाविद थे। उन्हें विधायी ज्ञान बहुत था। ऐसे व्यक्तित्व को भूलना बहुत कठिन होता है। उनका लक्ष्य व स्वप्न आज भी उतना ही शाश्वत है। मुख्यमंत्री ने कहा कि बदलते हुए परिवेश में शिक्षा का स्वरूप प्रतियोगी हो गया है। हमें अपनी शिक्षा व्यवस्था में सुधार करना होगा। शिक्षा में निजी भागीदारी जरूरी है, विशेषतौर पर ग्रामीण क्षेत्रों में।