नई दिल्ली: बंगाल की खाड़ी के उत्तर-पूर्व और चटगांव से लगभग 80 किलोमीटर दक्षिण-पूर्व की दिशा में तथा कोलकाता से 300 किलोमीटर पूर्व-दक्षिणपूर्व दिशा में कोमेन तूफान का केन्द्र स्थित रहा है, जहां से वह उत्तर-उत्तरपश्चिमी दिशा में बढ़ रहा है। वह आज दोपहर बाद किसी भी समय बांग्लादेश पहुंच जाएगा। उसके बाद वह पश्चिम-उत्तरपश्चिम दिशा में बढ़कर धीरे-धीरे कमजोर होगा। आज शाम को गहरा दबाव बनेगा जो कल तक सामान्य दबाव में बदल जाएगा। अगले 48 घंटों के दौरान पश्चिम बंगाल और उत्तरी ओडिशा के समुद्री किनारों के आसपास 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चलेंगी जिनकी गति 70 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंचने की आशंका है।
अगले 24 घंटों के दौरान आज शाम से मिजोरम और त्रिपुरा में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चलेंगी जिनकी गति 60 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंचने की आशंका है। यह हवाएं पश्चिम बंगाल के गंगा क्षेत्र में भी कल सुबह से चलेंगी।
इस तूफान द्वारा दबाव बनने के कारण अगले तीन दिनों के दौरान पश्चिम बंगाल के गंगा क्षेत्र और ओडिशा में कुछ स्थानों पर भारी से बहुत भारी वर्षा होगी। इसके अलावा छिटपुट स्थानों पर अत्यधिक भारी वर्षा होगी।
मिजोरम, त्रिपुरा और दक्षिण असम में छिटपुट स्थानों पर आज और कल बहुत भारी वर्षा और अधिकतर स्थानों पर भारी वर्षा होगी।
झारखंड में कल और उसके बाद अधिकतर स्थानों पर भारी वर्षा और छिटपुट स्थानों पर बहुत भारी वर्षा होगी।
दूसरी तरफ, पश्चिमी राजस्थान और उसके पड़ोसी इलाकों पर दबाव कमजोर हुआ है लेकिन गुजरात क्षेत्र, दमन, दादरा एवं नगर हवेली, सौराष्ट्र, कच्छ एवं दीव और पश्चिमी मध्य प्रदेश के कई स्थानों पर वर्षा और छिटपुट स्थानों पर भारी वर्षा के आसार हैं।
अगले 24 घंटों के दौरान राजस्थान के छिटपुट इलाकों में बहुत भारी वर्षा और ज्यादातर स्थानों में सामान्य वर्षा होगी।