लखनऊः उत्तर प्रदेश फायर सर्विसेज लखनऊ द्वारा प्रदेश में आज 14 अप्रैल को उ0प्र0 अग्निशमन सेवा शहीद स्मृति दिवस के रूप में तथा 14 से 20 अप्रैल 2019 तक अग्नि सुरक्षा सप्ताह मनाया जायेगा। यह जानकारी फायर सर्विस के पुलिस महानिदेशक श्री विश्वजीत महापात्र ने आज यहां दी।
श्री महापात्र ने बताया कि अग्नि सुरक्षा सप्ताह में स्मृति दिवस परेड एवं पिन फ्लैग लगाया जाना, फायर स्टेशन क्षेत्रों में फायर रैली निकालकर जनमानस को जागरूक किया जाना, जनपदीय मुख्यालयों तथा तहसील स्तर पर विद्यमान फायर स्टेशनों के सहयोग से शिक्षा संस्थानों में अग्नि सुरक्षा से संबंधित निबंध, चित्रकला एवं व्याख्यान का आयोजन तथा जनपदीय मुख्यालय एवं तहसील स्तर पर बहुखण्डीय भवनों, व्यावसायिक प्रतिष्ठानों, सभागारों का निरीक्षण आदि विभिन्न कार्यक्रमों को आयोजन किया जायेेगा।
श्री महापात्र ने बताया कि अग्निशमन सेवाओं द्वारा सामाजिक स्वावलम्बन की दिशा में टिकाऊ विकास के निर्माण एवं संरक्षण हेतु ‘‘त्रणाय सेवामहे’’ (वी सर्व टू सेव) की भावना एवं उद्देश्य से सेवाएं प्रदान की जाती हैं। इस वर्ष अग्नि सेवा संगठनों हेतु अग्नि सुरक्षा का संकल्प ध्येय ‘‘आग बुझाने से बेहतर आग की रोकथाम’’ निर्धारित किया गया है। उन्होंने कहा कि अग्नि सुरक्षा सप्ताह के दौरान अग्नि सुरक्षा से संबंधित जनजागरण तथा आग बुझाने से बेहतर आग की रोकथाम के संकल्प पर विशेष ध्यान केन्द्रित किया जायेगा।