पिथौरागढ़/चम्पावत: केंद्रीय सड़क परिवहन राज्यमंत्री जनरल वीके सिंह ने कहा कि वीरों की भूमि उत्तराखंड के जवानों के शौर्य से पूरा देश परिचित है। इस माटी ने जनरल बीसी जोशी व बिपिन रावत के रूप में देश को दो सेनाध्यक्ष दिए हैं। मोदी राज में देश सुरक्षित है। सीमाएं मजबूत हुई हैं और सीमा पर ढांचागत विकास हो रहा है। काम के बल पर भाजपा प्रदेश में फिर से सरकार बनाने जा रही है। अन्य दल तो मुफ्त का लालच देकर जनता को भ्रमित कर रहे हैं।
जनरल वीके सिंह सोमवार को धारचूला में पार्टी प्रत्याशी धन सिंह धामी के और चम्पावत में कैलाश गहतोड़ी के पक्ष में सभा करने पहुंचे। पिथौरागढ़ के नाचनी में आयोजित सभा में उन्होंने कहा कि मोदी सरकार ने सैनिकों का मान बढ़ाया है। भाजपा की सोच राष्ट्र के विकास की है। इस दौरान दर्जनों पूर्व सैनिकों ने सिंह ने भाजपा की सदस्यता ग्रहण कराई।
चम्पावत में सभा के दौरान केंद्रीय राज्यमंत्री सिंह ने कहा कि भाजपा ने हर वर्ग के लिए पारदर्शी तरीके से काम किया। कांग्रेस सरकार ने हर कार्य में भ्रष्टाचार किया। चाहे वह पासपोर्ट बनाना हो या राशन कार्ड। अफ्रीका में जंगली सुअरों को पकडऩे का उदाहरण देते हुए कहा कि जनता मुफ्त के लालच में न फंसे। उत्तराखंडी ताकत व मेहनत से सब हासिल कर सकते हैं। इस धरती के अंदर जज्बा है। उसे आप पहचानिए। इसलिए फ्री का लालच देने वाली पार्टियों से दूर रहें। ऐसी पार्टी को चुनिए जो सदैव आपके साथ खड़ी रहे। चाहे महामारी आए या खुशी आए। सभा के बाद सिंह ने बलिदानी राहुल रैंसवाल के परिजनों से भी मुलाकात की। जनरल ने टिकट न मिलने से नाराज चल रहे गोविंद सामंत से भी बंद कमरे में बात की और उन्हें मनाया।
सोर्स: यह आईएएनएस न्यूज फीड से सीधे पब्लिश हुई खबर है. इसके साथ श्रमजीवी जर्नलिस्ट टीम ने किसी तरह की कोई एडिटिंग नहीं की है. ऐसे में संबंधित खबर को लेकर कोई भी जिम्मेदारी न्यूज एजेंसी की ही होगी.