देहरादून: देहरादून में ’’डेंगू एवं मलेरिया’’ रोग से रोकधाम एवं बचाव हेतु पूर्व में मुख्यमंत्री हरीश रावत द्वारा निर्देश दिए गए है। यह जानकारी देते हुए प्रमुख सचिव स्वास्थ्य ओम प्रकाश ने बताया कि नगर निगम, देहरादून द्वारा नोडल विभाग के रूप में कार्य करते हुए जिला प्रशासन, नगर निगम देहरादून, स्वास्थ्य विभाग, सिविल डिफेन्स, रेड क्रास, आर.डब्लू.ए. के प्रतिनिधियों द्वारा आपस में समन्वय कर एक प्रभावी योजना तैयार की गई।
प्रमुख सचिव स्वास्थ्य ओमप्रकाश ने बताया कि नगर के अंतर्गत वार्डवार पार्षद व जोनल मजिस्ट्रेट के साथ सुपरवाईजर, सिविल डिफेन्स, आशा कार्यकर्ती व स्वच्छता कर्मी की टीमें बनायी गई, जो वार्डवार कार्य की प्रगति का अनुश्रवण कर रही है। उन्होंने बताया कि स्वास्थ्य विभाग के स्तर से लगभग प्रतिदिन 211 आशा कार्यकर्तियों द्वारा वार्डवार, क्षेत्रवार व मौहल्लावार घर-घर जाकर भवनों को सैनिटाईज किये जाने का कार्य किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि सोमवार 19 सितम्बर, 2016 तक डेंगू रोग के नियंत्रण एवं रोकथाम के लिए आशा कार्यकर्तियों, सफाई कर्मचारियों के माध्यम से देहरादून नगर क्षेत्र के अन्तर्गत 54018 भवनों को सैनिटाईज कर दिया गया है।
प्रमुख सचिव स्वास्थ्य ओमप्रकाश ने बताया कि प्रत्येक वार्ड में दो आशा कार्यकर्ती व दो सफाई कर्मचारी निर्धारित है। गुरूराम राय मेडिकल कालेज व विद्यालयों के एन.सी.सी. व एन.एस.एस. के लगभग 100 सदस्यों से समन्वय कर उन्हें इस हेतु प्रशिक्षित किया गया है। इन वालन्टीयर्स द्वारा आतिथि तक कुल 800 भवनों को सैनिटाईज किया जा चुका है। उन्होंने बताया कि उक्त सैनिटाईजेशन के अन्तर्गत पानी जमा जमा होने के बर्तनों, टंकियों, टायरों व गड़ढ़ों आदि को चिन्ह्ति कर उन्हें खाली कराने की कार्यवाही के साथ ही साथ स्प्रे किये जाने की भी कार्यवाही गतिमान है।
उन्होंने कहा कि नगर निगम, देहरादून में उपलब्ध 6 बड़ी फोगिंग मशीनों को नगर के मुख्य मार्गों पर मच्छरों की रोकथाम हेतु वार्डवार फौगिंग की कार्यवाही की जा रही है। उन्होंने बताया कि पूर्व में 20-22 केस के सापेक्ष लगभग 8-9 केस ही वर्तमान में प्रतिदिन चिन्ह्ति हो रहे है। डेंगू के कुल 834 केस के सापेक्ष 781 लोग स्वस्थ हो चुके है। सोमवार को दून चिकित्सालय में 23 मरीज भर्ती है। 10 बेड खाली है एवं अतिरिक्त 15 बेड की भी व्यवस्था की गई है।
