नई दिल्ली: हर रोज छोटा-सा पर्यावरण-अनुकूल कार्य करने पर जोर देते हुए पर्यावरण मंत्री, डॉ. हर्षवर्धन ने लोगों को पर्यावरण अनुकूल कोई भी कार्य वेबसाइट पर मंत्रालय के साथ बांटने के लिए आमन्त्रित किया। राष्ट्रीय ज्योलोजिकल पार्क में आयोजित मंत्रालय के स्वच्छता पखवाड़े के समापन समारोह पर विशाल भीड़ को सम्बोधित करते हुए डॉ. हर्षवर्धन ने कहा कि मंत्रालय ऐसे पर्यावरण-अनुकूल कार्यों का देश के लोगों के बीच प्रसार करेंगे। उन्होंने यह भी कहा कि पर्यावरण, वन तथा जलवायु परिवर्तन मंत्रालय के 35 वरिष्ठ अधिकारी लोगों के बीच इस अभियान में मिलकर काम करेंगे और स्वच्छता अभियान को देश के 125 करोड़ लोगों तक पहुंचाएंगे। डॉ. हर्षवर्धन ने कहा कि अधिकारियों में राज्य वन अधिकारी, मंत्रालय के अधीनस्थ अऩ्य संस्थानों के कर्मचारी, स्कूल तथा कॉलेजों के विद्यार्थी, स्काउट और गाइड, एन.एस.एस तथा जन साधारण सभी इसमें शामिल होंगे। मंत्री महोदय ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के वर्ष 2022 तक नए भारत के विजन का उल्लेख किया तथा यह भी कहा कि स्वच्छता पखवाड़ा यद्यपि आज सम्पन्न हो चुका है परन्तु इस अभियान की भावना पूरे वर्ष निर्वाध रूप से जारी रहेगी।
डॉ. हर्षवर्धन ने जोर दिया कि आज जब पूरा विश्व जलवायु परिवर्तन, ग्लोबल वार्मिंग तथा पर्यावरण संरक्षण संबंधी विषयों पर बातचीत कर रहा है तो उसकी दृष्टि भारत की ओर बड़ी आशा से लगी है। मंत्री ने कहा कि दुनिया का विश्वास है कि भारत की संस्कृति व दर्शन में वह प्रेरणा और ऊर्जा भरी है जिससे पूरी मानवता का कल्याण हो सकता है।
हमारे पूर्वजों ने हमें पर्यावरण, वन, प्रकृति तथा नदियों की सुरक्षा का पाठ पढ़ाया है। निहित समृद्धि तथा हमारी सांस्कृतिक शक्ति ही हमारी वसियत है। डॉ. हर्षवर्धऩ ने कहा कि जिस दिन हम पर्यावरण सुरक्षा की शपथ दोहराएंगे उसी दिन अपनी पुरानी कीर्ति पुनः प्राप्त कर लेंगे।
मंत्री महोदय ने बताया कि स्वच्छता पखवाड़े के समापन समारोह का आयोजन चिड़ियाघर में जन्में हिपोटामस के बच्चे के उपलक्ष्य में राष्ट्रीय ज्योलोजिकल पार्क में किया गया है।
11 comments