देहरादून: उत्तराखण्ड विधान सभा अध्यक्ष श्री प्रेम चन्द अग्रवाल जी ने अखिल भारतीय वाल्मीकि समाज विकास परिषद्, देहरादून द्वारा आयोजित महर्षि वाल्मीकि जी की शोभा यात्रा का शुभारम्भ किया।
महर्षि वाल्मीकि जी की शोभा यात्रा शिवाजी धर्मशाला, देहरादून से होते हुए शहर के विभिन्न जगह से गुजरी। जिसमें शहर का माहौल भक्तिमय हो गया। शोभा यात्रा का जगह-जगह स्वागत भी हुआ। इस शोभा यात्रा में महर्षि वाल्मीकि के जीवन को दर्शाती झांकियों के साथ ही देवी देवताओं की झांकियां भी शामिल रहीं। नगर वासियों ने पुष्प वर्षा कर शोभा यात्रा का स्वागत किया।
शोभा यात्रा में श्री अग्रवाल जी ने कहा कि महर्षि वाल्मीकि ने रामायण की रचना कर विश्व समुदाय को आदर्श राज व्यवस्था व विश्व बंधुत्व की भावना से परिचित कराया। कहा कि तत्कालीन समाज का राम चरित्र आज भी सर्वोत्तम है जिसका अनुसरण कर शुचिता पूर्ण जीवन यापन किया जा सकता है।
श्री अग्रवाल ने कहा कि महर्षि वाल्मीकि को न केवल संस्कृत बल्कि समस्त भाषाओं के महानतम कवियों में शुमार किया जाता है। महर्षि वाल्मीकि ने रामायण महाकाव्य के सहारे प्रेम, तप, त्याग इत्यादि दर्शाते हुए हर मनुष्य को सदभावना के पथ पर चलने के लिए प्रेरित किया। इसलिए उनका ये दिन एक पर्व के रुप में मनाया जाता है।
शोभा यात्रा के अवसर पर श्री देशराज कर्णवाल विधायक, सुरेन्द्र मोहा प्रदेश अध्यक्ष अनुसूचित मोर्चा, जयपाल वाल्मीकि, साकेत वाल्मीकि, राजेश जी, मीनू घाघड, मदन लाल पूर्व छात्र संघ अध्यक्ष, आकाश गौड एवं अपार मात्रा में भक्त लोग उपस्थित थे।