देहरादून: गुरूवार को बीजापुर अतिथि गृह में वरिष्ठ कांग्रेस नेता जोत सिंह बिष्ट के नेतृत्व में आई.एल.एफ.एस. स्किल डेवलपमेंट संस्था द्वारा प्रशिक्षण प्राप्त बच्चों ने मुख्यमंत्री हरीश रावत से भेंट की। मुख्यमंत्री श्री रावत ने सभी बच्चों से मिलकर परिचय प्राप्त किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि संस्था द्वारा बेहतर कार्य किया जा रहा है।
उन्होंने संस्था के सदस्यों से गढ़वाल व कुमांयू के कुछ स्थानों पर आवासीय प्रशिक्षण केन्द्र बनाये। इसके लिए प्रस्ताव तैयार किया जाय कि बच्चों को अलग-अलग ट्रेड में किस प्रकार का प्रशिक्षण दिया जायेगा। प्रशिक्षण रोजगारपरक हो, ताकि प्रशिक्षण प्राप्त करने के बाद बच्चे स्थानीय स्तर पर ही रोजगार भी प्राप्त कर सके। मुख्यमंत्री ने कहा कि आज प्रदेश में पलायन मुख्य समस्या है, इसे रोकने के लिए हम सभी को समन्वित प्रयास करने होंगे। मुख्यमंत्री श्री रावत ने कहा कि संस्था द्वारा हाई स्कूल के बच्चों के लिए इंग्लिश स्पीकिंग कोर्स हेतु ‘उन्नति’ कार्यक्रम शुरू किय गया था, उसे और आगे बढाये। युवाओं के लिए संचालित योजनाओं के लिए हुनर से रोजगार योजना से भी लिंक किया जाय। युवाओं को रोजगारपरक प्रशिक्षण देने के साथ ही मास्टर ट्रेनर भी तैयार किये जाय, ताकि वे दूसरों को भी रोजगार दे सके।
इस अवसर पर आई.एल.एफ.एस. स्किल डेवलपमेंट संस्था के स्टेट हैड रमेश पेटवाल ने बताया कि संस्था द्वारा बताया गया कि उन्नति कार्यक्रम में 75 हजार बच्चों को इंग्लिश लर्निंग कार्यक्रम से जोड़ा गया है। उन्होंने संस्था द्वारा की जा रही अन्य गतिविधियों की भी जानकारी दी।
इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री हरीश चन्द्र दुर्गापाल आदि उपस्थित थे।