देहरादून: नव वर्ष की पूर्व संध्या पर भुड्डी गांव, सहसपुर में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री हरीश रावत ने प्रतिभाग किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने सभी को नव वर्ष की शुभकामनाएं
दी। उन्होंने कहा कि पूरा राज्य चाहे वह मैदानी इलाका हो या पहाड़ी क्षेत्र हर कोई जोश व उत्साह के साथ नया साल मना रहा है। उन्होंने कहा कि चंद लम्हों के बाद नया साल आ जायेगा। हम सबको मिलकर एक बेहतर राज्य का निर्माण करना है।
मुख्यमंत्री श्री रावत ने कहा कि नये साल में हमको और ज्यादा तरक्की करनी है। राज्य के विकास के लिए सबकी भागीदारी आवश्यक है। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार द्वारा अनेक जनकल्याणकारी योजनाएं चलाई गई है। जिसका लाभ आम जन को उठाना चाहिए। उन्होंने कहा कि उत्तराखण्ड पहला ऐसा प्रदेश है, जहां कब्रिस्तान की चार-दिवारी के निर्माण का कार्य शुरू कर दिया हैै। उन्होंने कहा कि प्रदेश में महिलाओं के लिए अनेक योजनाएं संचालित की है और वर्ष 2016 में भी राज्य सरकार द्वारा महिलाओं के विकास के लिए और कार्य किया जायेगा। वर्ष 2015 में राज्य सरकार द्वारा 20 हजार लोगों को रोजगार उपलब्ध कराये गये हैं और सरकार का लक्ष्य है कि अगले वर्ष यह संख्या 50 हजार तक पहुंचे। हुनर योजना के अंतर्गत भी युवाओं ने लाभ लेना शुरू कर दिया है। इस योजना का लक्ष्य युवाओं को रोजगार से जोड़ना है। उन्होंने कहा कि स्मार्ट सिटी के मामले में घबराने की आवश्यकता नही हैै। पहले प्रभवितों को बसाया जायेगा उसके बाद ही स्मार्ट सिटी बनेगा। इस अवसर नैनीताल निवासी यूसूफ अली द्वारा कब्बाली प्रस्तुत की गई।