लखनऊ: उत्तर प्रदेश महिला कल्याण निगम एवं हैडीक्राफ्ट विभाग, भारत सरकार के सहयोग से चिकनकारी मेगा क्लस्टर के अन्तर्गत सामुदायिक सुविधा एवं प्रशिक्षण केन्द्र महिला कल्याण निगम परिसर सेक्टर-डी0एस0, नवीन गल्ला मण्डी, सीतापुर रोड में विकसित किया गया है। सामुदायिक सुविधा एवं प्रशिक्षण का उद्घाटन कल दिनांक 18 अगस्त को अपरान्ह 3ः00 बजे महिला कल्याण एवं संस्कृति राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्रीमती अरूण कुमारी कोरी द्वारा किया जायेगा।
यह जानकारी डा0एम0के0 सिंह, महाप्रबन्धक, उ0प्र0 महिला कल्याण निगम ने दी है। उन्होंने बताया कि लखनऊ के प्रसिद्ध चिकनकारी शिल्प को बढ़ावा देने, इससे जुड़े कारीगरों, उद्यमियों एवं भावी उद्यमियों विशेषकर महिलाओं को आधुनिक बाजार की मांग के अनुसार उच्च तकनीकी से निपुण करने के उद्देश्य से प्रशिक्षण केन्द्र की स्थापना की जा रही है। डा0 सिंह ने बताया कि यह प्रशिक्षण केन्द्र अत्याधुनिक तकनीक से विकसित किया गया है। देश के दूसरे भागों एवं अन्य देशों में वस्त्र निर्माण में प्रचलित विभिन्न क्राफ्ट की नवीनतम् तकनीक में निपुण करने हेतु इस केन्द्र की स्थापना की जा रही है।
महाप्रबन्धक डा0 सिंह ने बताया कि हाथ से काम करने वाले कारीगरों को उच्च शिक्षित डिजाइनरों एवं कम्प्यूटराइजड़ अत्याधुनिक मशीनों के सहयोग से चिकन के वस्त्र निर्माण की कला में पारंगत किया जायेगा। साथ ही उनके द्वारा निर्मित वस्त्रों का देश एवं विदेशों में भी व्यापार करने हेतु अवसर उपलब्ध कराया जायेगा। इस हेतु हैण्डीक्राफ्ट मेगा क्लस्टर मिशन, हैण्डीक्राफ्ट विभाग, भारत सरकार के साथ 10 वर्षों का अनुबन्ध भी स्थापित किया गया है।