लखनऊ: प्रदेश के प्रत्येक जनपद में 01 जून 2021 से 18 से 44 आयु वर्ग के नागरिकों का कोविड टीकाकरण प्रारम्भ हो जायेगा। टीकाकरण के लिए प्रतिदिन 04 वर्कप्लेस सी.वी.सी. (कार्यस्थल कोविड वैक्सीनेशन सेंटर) आयोजित किए जाएंगे। जिनमें दो सत्र सरकारी कार्यस्थल के लिए आयोजित किए जाएंगे। सरकारी कार्यस्थल पर आयोजित कोविड वैक्सीनेशन सेंटर्स में से एक सेंटर पर राजकीय एवं परिषदीय शिक्षकों के टीकाकरण को वरीयता दी जायेगी।
अपर मुख्य सचिव चिकित्सा एवं स्वास्थ्य सेवाएं ने प्रदेश के समस्त जिलाधिकारियों एवं मुख्य चिकित्सा अधिकारियों को कोविड टीकाकरण से संबंधित निर्देश देते हुए अवगत कराया है कि मीडिया प्रतिनिधियों के लिए सूचना एवं जनसम्पर्क विभाग के कार्यालयों में सी.वी.सी. स्थापित किया जायेगा। जिसका कार्य सम्पन्न हो जाने के बाद इसे सरकारी कार्मिकों के वर्कप्लेस सी.वी.सी. में परिवर्तित करके सरकारी अधिकारियों एवं कर्मचारियों का टीकाकरण किया जायेगा।
अपर मुख्य सचिव अमित मोहन प्रसाद ने अवगत कराया है कि जनपदीय न्यायालयों में लगने वाले दैनिक टीके की सूची जनपद न्यायाधीश के कार्यालय के द्वारा मीडिया प्रतिनिधियों की सूची जिला सूचना अधिकारी द्वारा, शिक्षकों की सूची डी.आई.ओ.एस. तथा बी.एस.ए. के द्वारा तथा अन्य सरकारी कर्मियों की सूची जिलाधिकारी कार्यालय के द्वारा पूर्व से बनाकर मुख्य चिकित्साधिकारी को उपलब्ध करायी जायेगी, जिसके अनुसार ही सुचारू रूप से टीकाकरण किया जायेगा।
ज्ञात हो भारत सरकार के निर्देशानुसार 01 मई, 2021 से प्रदेश के कुछ चिन्हित जनपदों में 18 से 44 वर्ष के नागरिकों का कोविड टीकाकरण अभियान संचालित है। इस अभियान को 01 जून 2021 से प्रदेश के समस्त जनपदों में विस्तारित किया जा रहा है।