नई दिल्ली: भारत सरकार द्वारा शुरू किए नए शहरी मिशन के तहत राज्य में शहरी विकास से संबंधित मामलों पर चर्चा करने के लिए झारखंड के मुख्यमंत्री रघुबर दास ने आज केन्द्रीय शहरी विकास एवं आवास तथा शहरी गरीबी उन्मूलन मंत्री श्री एम वेंकैया नायडू से मुलाकात की। मुख्यमंत्री ने जमशेदपुर और मानगो को अटल जीर्णोंद्धार और शहरी कायाकल्प मिशन में शामिल करने का प्रस्ताव दिया है। उन्होंने कहा है कि ये दोनों अधिसूचित शहरी क्षेत्र हैं। श्री दास ने रांची को स्मार्ट सिटी बनाने की तैयारी के लिए किए जा रहे कार्यों के बारे में भी श्री नायडू को सूचित किया। श्री दास ने श्री नायडू को सूचित किया कि उनकी सरकार राज्य के सभी 41 शहरी इलाकों में सस्ता आवासीय कार्यक्रम शुरू करने को इच्छुक है। इसके लिए उन्होंने केन्द्र से मदद मांगी है। श्री नायडू ने बताया कि सभी वैधानिक शहरी इकाइयां जहां निर्वाचित नगरपालिका इकाइयां हैं, सभी आवासीय मिशन में शामिल किया गया है। उन्होंने इसी के अनुसार प्रोजेक्ट रिपोर्ट बनाकर भेजने का सुझाव श्री दास को दिया है।
केन्द्रीय मंत्री महोदय ने जनवरी 2014 में जेएनएनयूआरएम के तहत स्वीकृत रांची में सीवरेज और ड्रेनेज सिस्टम परियोजना के क्रियान्वयन पर भी चर्चा की। केन्द्र की 150 करेाड़ की सहायता सहित इस परियोजना पर 304 करोड़ रुपए खर्च आएंगे। इसमें 60 करोड़ रुपये जारी किए जा चुके हैं।
श्री नायडू ने झारखंड में स्वच्छ भारत मिशन के क्रियान्वयन पर भी मुख्मंत्री का ध्यान आकृष्ट किया। उन्होंने कहा कि हालांकि राज्य सरकार ने ठोस कचड़ा प्रबंधन, सार्वजनिक, सामुदायिक एवं व्यतिगत शौचालयों के निर्माण में अच्छा काम किया है लेकिन इस ओर तेजी से काम करने की जरूरत है। श्री नायडू ने मुख्यमंत्री से कहा कि वे राज्य के शहरी विकास स्कीमों की समीक्षा करने के लिए जल्दी ही रांची का दौरा करेंगे।
1 comment