नई दिल्ली: एयर इंडिया, एलायंस एयर, आईएएफ और निजी वाहकों द्वारा लाइफलाइन उड़ान के तहत 288 उड़ानें संचालित की गई हैं। इनमें से 180 उड़ानें एयर इंडिया और एलायंस एयर द्वारा संचालित की गई हैं। अब तक ले जाया गया कार्गो लगभग 479.55 टन का है। लाइफलाइन उड़ान की उड़ानों द्वारा अब तक 2,87,061 किमी से अधिक की हवाई दूरी तय की जा चुकी है। कोविड-19 के खिलाफ भारत की लड़ाई का समर्थन करने के लिए देश के दूरदराज के हिस्सों में आवश्यक चिकित्सा कार्गो के परिवहन के लिए नागरिक उड्डयन मंत्रालय द्वारा ‘लाइफलाइन उड़ान’ के तहत उड़ानें संचालित की जा रही हैं।
पवन हंस हेलीकॉप्टरों ने 18 अप्रैल 2020 तक 6265 किलोमीटर की दूरी तय करते हुए 1.86 टन कार्गो का परिवहन किया है। पवन हंस लिमिटेड सहित अन्य हेलीकॉप्टर सेवाएं जम्मू एवं कश्मीर, लद्दाख, द्वीप समूह और पूर्वोत्तर क्षेत्र में महत्वपूर्ण चिकित्सा कार्गो और रोगियों को परिवहन कर रही हैं। घरेलू लाइफलाइन उड़ान द्वारा ढोए गए कार्गो में कोविड-19 संबंधित अभिकर्मक, एंजाइम, चिकित्सा उपकरण, परीक्षण किट, व्यक्तिगत सुरक्षा उपकरण (पीपीई), मास्क, दस्ताने, एचएलएल एवं आईएमसीआर की अन्य सामग्री और राज्य / केन्द्र शासित प्रदेश सरकारों का जरूरी कार्गो व डाक पैकेट आदि शामिल हैं।
पूर्वोत्तर क्षेत्र, द्वीप क्षेत्रों और पहाड़ी राज्यों पर विशेष ध्यान केंद्रित किया गया है। एयर इंडिया और आईएएफ ने मुख्य रूप से जम्मू एवं कश्मीर, लद्दाख, पूर्वोत्तर और अन्य द्वीप क्षेत्रों के लिए ये सहयोग किया है।
घरेलू कार्गो ऑपरेटर स्पाइसजेट, ब्लू डार्ट और इंडिगो वाणिज्यिक आधार पर कार्गो उड़ानें संचालित कर रहे हैं। स्पाइसजेट ने 24 मार्च से 18 अप्रैल 2020 के दौरान 410 कार्गो उड़ानों का संचालन किया, जिसमें 6,00,261 किमी की दूरी तय की गई और 3270 टन कार्गो को ले जाया गया। इनमें से 128 अंतर्राष्ट्रीय कार्गो उड़ानें थीं। ब्लू डार्ट ने 25 मार्च से 18 अप्रैल 2020 के दौरान 1,39,179 किमी की दूरी को कवर करते हुए 141 घरेलू कार्गो उड़ानों का संचालन किया और 2241 टन कार्गो का परिवहन किया। इंडिगो ने 3-18 अप्रैल 2020 के दौरान 31 कार्गो उड़ानों का संचालन किया है, जिन्होंने 32,290 किमी की दूरी तय की और 48 टन माल ढोया। इसमें सरकार के लिए मुफ्त में दी जाने वाली चिकित्सा आपूर्ति भी शामिल है।
अंतर्राष्ट्रीय क्षेत्रः- दवा, चिकित्सा उपकरण और कोविड-19 राहत सामग्री के परिवहन के लिए पूर्वी एशिया के साथ कार्गो एयर-ब्रिज स्थापित किए जाने के बाद मेडिकल कार्गो की तारीख-वार मात्रा निम्नानुसार है:
क्र.सं. | दिनांक | कहां से | मात्रा (टनों में) |
|
04.4.2020 | शंघाई | 21 |
|
07.4.2020 | हॉन्ग कॉन्ग | 06 |
|
09.4.2020 | शंघाई | 22 |
|
10.4.2020 | शंघाई | 18 |
|
11.4.2020 | शंघाई | 18 |
|
12.4.2020 | शंघाई | 24 |
|
14.4.2020 | हॉन्ग कॉन्ग | 11 |
|
14.4.2020 | शंघाई | 22 |
|
16.4.2020 | शंघाई | 22 |
|
16.4.2020 | हॉन्ग कॉन्ग | 17 |
|
16.4.2020 | सियोल | 05 |
|
17.4.2020 | शंघाई | 21 |
|
18.4.2020 | शंघाई | 17 |
|
18.4.2020 | सियोल | 14 |
|
18.4.2020 | गुआंगझू | 04 |
कुल | 242 |
दक्षिण एशिया के भीतर, एयर इंडिया ने 7 अप्रैल 2020 को करीब 9 टन और 8 अप्रैल 2020 को 4 टन की आपूर्ति कोलंबो में की।
एयर इंडिया ने मुंबई से फ्रैंकफर्ट और मुंबई- लंदन के बीच पिछले सप्ताह कृषि उड़ान कार्यक्रम के तहत दो उड़ानें संचालित कीं, जिसमें मुंबई से मौसमी फल और सब्जियां ले जाना और सामान्य कार्गो के साथ वापस आना शामिल था। एयर इंडिया ने 15 अप्रैल 2020 को दिल्ली-सेशेल्स-मॉरीशस-दिल्ली के बीच एक और उड़ान संचालित की, जिसमें चिकित्सा आपूर्ति भेजी गई।