लखनऊ: दिनांक 17 मार्च, 2015, उत्तर प्रदेश के पशुधन, लघु सिंचाई व भूगर्भ जल मंत्री श्री राज किशोर सिंह ने पशुपालन विभाग के अधिकारियों को प्रदेश में फैल रही बर्ड फ्लू बीमारी को तत्काल नियंत्रित करने व अन्य क्षेत्रों में इसे फैलने से रोकने के लिये अन्य संबंधित विभागों से समन्वय स्थापित कर प्रभावी कदम उठाने के निर्देश दिये हैं। उन्होंने कहा कि इस कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही पाये जाने पर संबंधित अधिकारी/कर्मचारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जायेगी।
पशुधन मंत्री ने अमेठी, फैजाबाद व बाराबंकी जनपदों के मुख्य पशु चिकित्साधिकारियों को पक्षियों में एवियन इन्फ्लुएंजा (बर्ड फ्लू) बीमारी के संक्रमण को फैलने से रोकने के लिये तत्काल आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिये। उन्होंने विभागीय अधिकारियों को बर्ड फ्लू के प्रति जन जागरुकता अभियान चलाने के निर्देश दिये, ताकि आम जनता में अनावश्यक भय व भ्रांति न फैलने पाये।
श्री सिंह ने प्रदेश के सीमावर्ती जनपदों में विशेष सतर्कता बरतने तथा जनपदों से बीमारी संबंधी प्रतिदिन की रिपोर्ट पशुपालन निदेशालय में स्थापित कंट्रोल रुम नम्बर 0522-2740832 पर भेजने के निर्देश दिये। उन्होंने सभी जनपदों में पोल्ट्री फार्मों का निरंतर निरीक्षण करने तथा पोल्ट्री फार्मों के मालिकों को आवश्यक सावधानियाँ अपनाने के लिए प्रोत्साहित करने के भी निर्देश दिये।