नई दिल्ली: केन्द्रीय पर्यटन (स्वतंत्र प्रभार), संस्कृति (स्वतंत्र प्रभार) एवं नागरिक उड्डयन राज्य मंत्री डॉ. महेश शर्मा ने ओडिशा में नाबाकालेबर के आने वाले त्यौहार के लिए तैयारियों पर विचार-विमर्श करने के लिए आज पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्री धर्मेन्द्र प्रधान के साथ बैठक की। डॉ. महेश शर्मा ने कहा कि केन्द्रीय पर्यटन मंत्रालय इसकी अंतर्राष्ट्रीय ब्रांडिंग के लिए नाबाकालेबर त्यौहार को अतुल्य भारत अभियान के माध्यम से बढ़ावा देगा। डॉ. महेश शर्मा ने कहा कि भारत सरकार नाबाकालेबर त्यौहार के लिए बुनियादी ढांचा एवं सुविधाएं मुहैया कराने के लिए 50 करोड़ रुपए जारी करेगी। केन्द्रीय संस्कृति मंत्रालय इस अवसर को यादगार बनाने के लिए एक डाक टिकट और सिक्के जारी करेगा।
डॉ. महेश शर्मा ने यह भी कहा कि भारत सरकार भुवनेश्वर अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे से त्यौहार के इस शुभ अवसर पर पहली अंतर्राष्ट्रीय उड़ान शुरू करने की पूरी कोशिश कर रही है। उन्होंने बताया कि पहली उड़ान अबूधाबी के लिए हो सकती है। ओडिशा सरकार भुवनेश्वर अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे से एक अंतर्राष्ट्रीय उड़ान की मांग करती रही है।
नाबाकालेबर त्यौहार 19 वर्षों के अंतराल के बाद 10 जुलाई, 2015 को आयोजित किया जाएगा।
पर्यटन सचिव डॉ. ललित पंवार और पर्यटन मंत्रालय के अन्य वरिष्ठ अधिकारी इस बैठक में उपस्थित थे।