इलाहाबाद: थाना कौधियारा क्षेत्रान्तर्गत ग्राम एकौनी मे सड़क के किनारे बंजर की जमीन पर पुराना काली मंदिर था। जिसके जीर्णोंधार के नाम पर दिनांक 29.05.16 को समय 18ः15 बजे श्री शिव सेवक पाण्डेंय द्वारा ई़़ंटों से निर्माण कार्य कराया जा रहा था। इनके पट्टीदार राम कैलाश व उसका पुत्र सुरेश पाण्डेय व अन्य लोग मौके पर आ गये। दोनो पक्षों के मध्य विवाद होने पर मारपीट व फायरिंग की घटना हुयी। सुरेश पाण्डेय ने अपनी लाइसेंसी रायफल से फायर कर दिया, जिससे 1-शिव सेवक पाण्डेय उम्र 55 वर्ष, 2-कृष्ण सेवक पाण्डेय उम्र 48 वर्ष व 3-विमल पाण्डेय उम्र 32 वर्ष की मौके पर मृत्यु हो गयी तथा दूसरे पक्ष के 4-राम कैलाश उम्र 65 वर्ष व 5-सुरेश पाण्डेय उम्र 35 वर्ष की भी मृत्यु हो गयी। प्रथम पक्ष के प्रेम सेवक व राम सेवक तथा दूसरे पक्ष से सुरेश पाण्डेय की पत्नी घायल हो गयी।
उल्लेखनीय है कि सुरेश पाण्डेय जनपद 37वीं वाहिनी पी0ए0सी0, कानपुर नगर में प्लाटून कमाण्डर के पद पर नियुक्त थे जो अवकाश पर घर आये थे। इस घटना के संबंध में थाना कौधियारा पर मु0अ0सं0 119/16 धारा 147/148/149/307/302/ 504/506 भादंवि व 7सीएलए एक्ट बनाम राम सेवक पाण्डेय आदि 15 नफर नामजद व 120/16 धारा 147/148/149/307/302/ 504/506 भादंवि व 7सीएलए एक्ट बनाम राकेश कुमार पाण्डेय आदि 12 नफर नामजद का अभियोग पंजीकृत किया गया। अभियुक्तों की गिरफ्तारी हेतु पांच पुलिस टीमें गठित की गयीं हैं। अब तक मु0अ0सं0 के 119/16 के 09 अभियुक्त व मु0अ0सं0 120/16 के 03 अभियुक्तों को गिरफ्तार किया जा चुका है। घटना में प्रयुक्त लाईसेन्सी रायफल बरामद कर ली गयी है। शेष अभियुक्तों की गिरफ्तारी के प्रयास किये जा रहे हैं। घटनास्थल पर स्थानीय पुलिस बल व एक कम्पनी पी0ए0सी0 की ड्यूटी अपर पुलिस अधीक्षक, यमुनापार व क्षेत्राधिकारी बारा के नेत्तृव में लगायी गयी है। कानून-व्यवस्था की स्थिति सामान्य है।
