Online Latest News Hindi News , Bollywood News

ताज कार्निवाल में देश दुनिया के आगन्तुकों को स्थानीय जीवन को नजदीक से समझने का मिलेगा मौका- जयवीर सिंह

उत्तर प्रदेश

लखनऊ : आगरा ऐतिहासिक पर्यटन स्थलों के लिए विश्वविख्यात है। यहां पर ताजमहल, आगरा किला तथा फतेहपुर सीकरी के अलावा अन्य स्थल मौजूद हैं। कुछ स्थलों को यूनेस्को की सूची में दर्ज किया गया है। इन स्थलों पर प्रतिवर्ष बड़ी संख्या में पर्यटक आते हैं। आगन्तुकों को स्थानीय खान पान, कला-संस्कृति आदि से परिचित कराने के लिए सदर बाजार में 13 दिसम्बर से 22 दिसम्बर तक ताज कार्निवाल फेस्ट का आयोजन किया जा रहा है। इस आयोजन में भारी संख्या में देशी-विदेशी सैलानियों के आने की संभावना है।
यह जानकारी प्रदेश के पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री श्री जयवीर सिंह ने दी। उन्होंने बताया कि यह कार्निवाल फेस्ट 10 दिनों तक चलेगा। इसके दौरान आगन्तुक, कला, शिल्प, संस्कृति और ऐतिहासिक इमारतों का भ्रमण कर सकेंगे। पर्यटकों को आगरा की विशिष्ट अनुभव प्रदान करने के लिए यह भव्य आयोजन किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि वर्ष 2017 के बाद उ0प्र0 पर्यटन के क्षेत्र में तेजी से विकास कर रहा है। राज्य सरकार द्वारा बेहतर कनेक्टिविटी एवं कानून व्यवस्था का वातावरण सृजित करने के कारण उ0प्र0 में देशी-विदेशी पर्यटकों की संख्या लगातार बढ़ रही है।
पर्यटन मंत्री ने बताया कि उ0प्र0 घरेलू पर्यटन के मामले में पहले स्थान पर है। विदेशी पर्यटकों के मामले में भी देश में प्रथम स्थान लाने के लिए पूरे प्रदेश में अल्पज्ञात एवं ज्ञात पर्यटन स्थलों को नये सिरे से सजाया और संवारा जा रहा है। यह सर्वविदित है कि पर्यटन सेक्टर में निवेश के साथ कारोबारियों के लिए असीमित संभावनायें हैं। इसके साथ ही पर्यटन नीति में छूट की व्यवस्था की गयी है, जिसकी वजह से काशी, मथुरा, प्रयागराज, अयोध्या में पर्यटकों की संख्या में कई गुना बढ़ोत्तरी देखने को मिली है।
श्री जयवीर सिंह ने बताया कि 10 दिनों तक चलने वाले इस आयोजन में पर्यटक सुबह 11 बजे से रात 10 बजे तक ताज कार्निवाल फेस्ट का आनंद ले सकते हैं। आयोजन में पर्यटन स्थलों को घूमने के अलावा खानपान, नृत्य, संगीत, हस्तशिल्प और स्थानीय उत्पादों को करीब से जानने और समझने का अवसर भी प्राप्त होगा। इससे स्थानीय लोगों की आय में बढ़ोत्तरी होगी।

Related posts

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More