नई दिल्ली: केन्द्रीय गृह मंत्री श्री राजनाथ सिंह ने आज शाम छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में आयोजित उच्च स्तरीय बैठक में राज्य के नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में कानून व्यवस्था की स्थिति और वहां आम जनता की बेहतरी के लिए चल रहे विभिन्न विकास कार्यों की समीक्षा की। मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह के निवास कार्यालय में आयोजित बैठक में डॉ. सिंह ने उन्हें केन्द्र के सहयोग से राज्य शासन द्वारा नक्सल समस्या को समाप्त करने के लिए लगातार किए जा रहे प्रयासों की जानकारी दी।
बैठक की अध्यक्षता करते हुए केन्द्रीय गृह मंत्री ने प्रदेश सरकार के इन प्रयासों की सराहना की। मुख्यमंत्री ने कहा कि केन्द्र से राज्य को निरंतर अच्छा सहयोग मिल रहा है। प्रभावित क्षेत्रों में शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क निर्माण और संचार व्यवस्था सहित हर प्रकार की बुनियादी सुविधाएं तेजी से विकसित की जा रही हैं।
केन्द्रीय गृह मंत्री ने मुख्यमंत्री को नक्सल समस्या के उन्मूलन के लिए केन्द्र सरकार की ओर से सहयोग लगातार जारी रखने का आश्वासन दिया। डॉ. रमन सिंह ने इसके लिए श्री सिंह के प्रति आभार प्रकट किया। डॉ. सिंह ने कहा -राज्य और केन्द्र के सुरक्षा बलों के जवान और अधिकारी नक्सल क्षेत्रों में पूरी मुस्तैदी के साथ अपने कर्तव्यों का पालन कर रहे हैं। उनका मनोबल भी बहुत ऊंचा है।
बैठक में छत्तीसगढ़ सरकार के गृह मंत्री श्री रामसेवक पैकरा, मुख्य सचिव श्री विवेक ढांड, मुख्यमंत्री के अपर मुख्य सचिव श्री एन.बैजेन्द्र कुमार, गृह विभाग के प्रमुख सचिव श्री बी.वी.आर. सुब्रमण्यम, पुलिस महानिदेशक श्री ए.एन. उपाध्याय, मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव श्री अमन कुमार सिंह और अन्य संबंधित वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।