लखनऊः उत्तर प्रदेश के पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री श्री जयवीर सिंह ने भगवान विश्वकर्मा जयन्ती के अवसर पर प्रदेशवासियों खासतौर से निर्माण के क्षेत्र में लगे हुए लोगों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी है।
विश्वकर्मा जयन्ती की पूर्व संध्या पर जारी बधाई संदेश में पर्यटन मंत्री ने कहा है कि भगवान श्री विश्वकर्मा को हमारी प्राचीन संस्कृति का अहम हिस्सा माना जाता है। विश्वकर्मा जी के जन्मदिवस को विश्वकर्मा जन्मोत्सव के रूप में मनाया जाता है। कहा जाता है कि इस दिन भगवान विश्वकर्मा का जन्म हुआ था।
भगवान विश्वकर्मा को देवताओं का शिल्पकार, वास्तुशास्त्र के देवता, प्रथम इंजीनियर, देवताओं के शिल्पी आदि के रूप में स्थान दिया जाता है। उन्होंने इस धरती पर अपनी रचनाधर्मिता से कई दिव्य भवनों एवं महलों का निर्माण किया था। वह भारत के प्रथम शिल्पकार थे। इसलिए निर्माण के क्षेत्र में लगे हुए लोग उन्हें प्रथम शिल्पी के रूप में सम्मान देते हुए उनकी जयन्ती को पूरी श्रद्धा एवं गरिमा के साथ मनाते हैं।
