नई दिल्ली: आज लेह में 15 से भी अधिक राजनीतिक दलों, धार्मिक समुदायों और सिविल सोसायटी समूहों ने केन्द्रीय गृह मंत्री श्री राजनाथ सिंह से भेंट की। उन्होंने लेह-लद्दाख क्षेत्र को विधायिका के साथ केन्द्र शासित प्रदेश का दर्जा प्रदान करने के लिए एक संयुक्त ज्ञापन दिया।
श्री राजनाथ सिंह ने कहा कि उन्होंने लद्दाख के लोगों में वास्तविक तौर पर ‘विविधता में एकता’ देखी। उन्होंने कहा कि पूरा देश लद्दाख के लोगों पर गर्व करता है क्योंकि वे इस क्षेत्र के विभिन्न समुदायों के बीच सौहार्दपूर्ण संबंध निरंतर बनाए हुए हैं, वे सच्चे और पक्के राष्ट्रवादी हैं और बाह्य एवं आंतरिक दोनों ही खतरों से देश की रक्षा करने के लिए सेना और सुरक्षा बलों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़े रहते हैं। श्री राजनाथ सिंह ने कहा कि इसके मद्देनजर उन्हें लद्दाख के सभी लोगों पर गर्व है।
गृह मंत्री ने राज्य सरकार के अधिकारियों के साथ राज्य में सुरक्षा स्थिति की समीक्षा की। इन अधिकारियों ने राज्य में कानून-व्यवस्था की मौजूदा स्थिति और आवश्यक वस्तुओं की आपूर्ति की स्थिति के साथ-साथ देश के विभिन्न भागों में फल ले जाने वाले ट्रकों की आवाजाही के बारे में गृह मंत्री को जानकारी दी।
केंद्रीय गृह मंत्री कल कारगिल का दौरा कर वहां विभिन्न प्रतिनिधिमंडलों और समूहों से मिलकर लोगों की भावनाओं को समझने की कोशिश करेंगे।