लखनऊ: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री श्री अखिलेश यादव ने कहा कि देश की तरक्की
शिक्षा के बिना सम्भव नहीं है। प्रदेश सरकार शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए कटिबद्ध है। समाज और व्यक्ति के विकास की दिशा अच्छी शिक्षा के माध्यम से निर्धारित की जा सकती है। प्रदेश सरकार नौजवानों को अच्छी और रोजगारपरक शिक्षा मुहैया कराना चाहती है, ताकि उन्हें शिक्षा पूरी करने के उपरान्त रोजगार के अवसर शीघ्र ही उपलब्ध हो सकें।
मुख्यमंत्री ने यह विचार आज यहां अपने सरकारी आवास पर ग्रेटर नोएडा में टाइम्स ग्रुप द्वारा स्थापित की जा रही बेनेट यूनिवर्सिटी के शिलान्यास के अवसर पर व्यक्त किए। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार अपने बजट से भी शिक्षण संस्थाओं की स्थापना कर रही है। सरकार चाहती है कि प्रदेश के नौजवान न केवल अच्छी शिक्षा हासिल करें, बल्कि विज्ञान और तकनीक के मामले में भी किसी से पीछे न रहें। विद्यार्थी ज्ञान और विज्ञान की ताकत से प्रदेश और देश का भविष्य संवार सकतेे हैं।
श्री यादव ने कहा कि प्रदेश सरकार छात्र-छात्राओं को गुणवत्तापरक शिक्षा उपलब्ध कराने के सारे प्रयास कर रही है। राज्य सरकार शिक्षा को प्रोत्साहित करने एवं वर्तमान तकनीकी युग में छात्र-छात्राओं को सक्षम बनाने के उद्देश्य से अनेक योजनाएं संचालित कर रही है। इसी क्रम में मेधावी छात्र-छात्राओं को निःशुल्क लैपटाॅप प्रदान किए जा रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने आशा व्यक्त की कि बेनेट यूनिवर्सिटी की स्थापना से उत्तर प्रदेश में छात्र-छात्राओं को उच्च शिक्षा का एक बेहतरीन संस्थान उपलब्ध हो जाएगा। उन्होंने ग्रेटर नोएडा में इस यूनिवर्सिटी की स्थापना के फैसले के लिए टाइम्स ग्रुप को बधाई भी दी। इससे पूर्व, मुख्यमंत्री ने बेनेट यूनिवर्सिटी का बटन दबाकर शिलान्यास किया।
कार्यक्रम को टाइम्स ग्रुप के एम0डी0 श्री विनीत जैन ने भी सम्बोधित किया। श्री जैन ने राज्य सरकार की जमकर प्रशंसा करते हुए कहा कि उन्हें नोएडा में विश्वविद्यालय स्थापित करने के लिए आवश्यक भूमि बहुत ही तेज कार्रवाई करते हुए उपलब्ध करायी गयी। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार द्वारा दिखायी गयी तत्परता के चलते ही आज इस विश्वविद्यालय का शिलान्यास सम्भव हो पाया है। उन्होंने कहा कि अब इस विश्वविद्यालय को शीघ्र ही निर्मित कर इसका संचालन वर्ष 2016 के सत्र से किए जाने का प्रयास रहेगा।
इस अवसर पर चिकित्सा एवं स्वास्थ्य मंत्री श्री अहमद हसन, राजनैतिक पेंशन मंत्री श्री राजेन्द्र चैधरी, माध्यमिक शिक्षा मंत्री श्री महबूब अली, ऊर्जा राज्यमंत्री श्री यासर शाह, प्रमुख सचिव सूचना श्री नवनीत सहगल, डी0जी0पी0 श्री ए0के0 जैन सहित शासन-प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी तथा बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक एवं मीडियाकर्मी मौजूद थे।
उल्लेखनीय है कि टाइम्स ग्रुप द्वारा बेनेट यूनिवर्सिटी ग्रेटर नोएडा में 68 एकड़ भूमि पर 600 करोड़ रुपए की लागत से स्थापित की जा रही है। इस विश्वविद्यालय में लगभग 15 हजार छात्र-छात्राओं को इंजीनियरिंग, मैनेजमेन्ट, मीडिया, एप्लाइड साइंस, लाॅ, डिजाइन तथा लिबरल आट्र्स से जुड़े विषयों की पढ़ाई की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। दुनिया के नामी-गिरामी विश्वविद्यालयों के साथ इस यूनिवर्सिटी द्वारा पठन-पाठन के लिए करार भी किया जाएगा।
उत्तर प्रदेश शिक्षा के केन्द्र के रूप में जाना जाता है। प्रदेश में अग्रणी शिक्षण संस्थाएं मौजूद हैं। वर्तमान में उत्तर प्रदेश में लगभग 50 राज्य तथा निजी विश्वविद्यालय संचालित हो रहे हैं। राज्य के ये शिक्षण संस्थान बड़ी संख्या में क्षमतावान छात्रों को तैयार कर रहे हैं, जिसके चलते प्रदेश में उच्चकोटि का मानव संसाधन उपलब्ध है।
राज्य सरकार की प्रभावी नीतियों के चलते प्रदेश की ओर उद्योगपति आकर्षित हो रहे हैं और वे अपनी इकाइयां यहां स्थापित करने में रुचि दिखा रहे हैं।