लखनऊ : उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी ने ऐसी अनेक योजनाएं संचालित की है जो महिलाओं को आर्थिक रूप से न केवल सबल बना रही है, अपितु उनके परिवारों को आर्थिक सुरक्षा भी प्रदान कर रही हैं। उन्होंने कहा कि आधी आबादी के सशक्तिकरण से ही समाज सशक्त होगा, समाज के सशक्तिकरण से ही राष्ट्र के सशक्तिकरण का मार्ग प्रशस्त होगा।
मुख्यमंत्री जी आज जनपद कानपुर नगर में जे0के0 समूह द्वारा आयोजित कार्यक्रम में स्वयं सहायता समूह की महिलाओं को 67 लाख रुपये की लागत की 1,001 सिलाई मशीनों का वितरण करने के पश्चात अपने विचार व्यक्त कर रहे थे। इस अवसर पर उन्होंने विभिन्न योजनाओं की लाभार्थियों को स्टार्ट अप, रिवॉल्विंग फण्ड (आर0एफ0), सामुदायिक निवेश निधि (सी0आई0एफ0) के चेक, कैश क्रेडिट कार्ड लिमिट तथा प्रशस्ति पत्र प्रदान किये।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि शरद पूर्णिमा के पावन पर्व एवं महर्षि वाल्मीकि जयन्ती पर कानपुर में वंचित महिलाओं को सशक्त एवं स्वावलम्बी बनाने हेतु जे0के0समूह की तरफ से 1,001 महिलाओं को सिंगर सिलाई मशीन का निःशुल्क वितरण किया गया है। जे0के0 समूह ने अनेक रचनात्मक कार्यों को बढ़ावा दिया है। समूह ने ईश्वर भक्ति से लेकर, सामाजिक कार्यों में भी अपनी सक्रियता और सबल उपस्थिति दर्ज कराई है।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि प्रधानमंत्री जी ने नारी गरिमा को प्राथमिकता देते हुए घर-घर में शौचालय बनवाए, नारी स्वास्थ्य को ध्यान में रखकर उज्ज्वला योजना को गांव-शहर तक पहुंचाया, जिससे महिलाओं को किसी प्रकार की कोई परेशानी न हो। साथ ही, घरौनी योजना के माध्यम से महिलाओं को जमीनों पर मालिकाना हक दिलवाया, स्वास्थ्य बीमा के माध्यम से निःशुल्क स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध कराकर उनके स्वास्थ्य को सुरक्षित किया। निश्चित रूप से इन प्रयासों से महिलाएं सशक्त हुई हैं।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि इन महिलाओं को सिलाई मशीन सौंपते हुए मैंने जानना चाहा कि क्या उन्होंने इसका प्रशिक्षण लिया है। महिलाओं ने हर्ष के साथ बताया कि उन्होंने इसका प्रशिक्षण लिया है। निश्चित रूप से यह आने वाले समय में अपने परिवारों को सबल एवं सशक्त बनायेंगी। हमें वह प्लेटफॉर्म उपलब्ध कराना होगा, जहां पर प्रशिक्षित महिलाएं अपनी प्रतिभा का उपयोग कर सके और आर्थिक रूप से सबल बन सके। इसी उद्देश्य से प्रदेश सरकार फ्लैटेड फैक्ट्री कार्यक्रम संचालित कर रही है। इसके माध्यम से एक ही हाईराइज बिलि्ंडग में अनेक प्रकार की औद्योगिक गतिविधियां संचालित हो सकेंगी। कानपुर नगर में रेडीमेड गारमेण्ट के क्षेत्र में अपार सम्भावनाएं हैं। महिलाओं को प्रशिक्षित करके इस क्षेत्र में ज्यादा से ज्यादा अवसर उपलब्ध कराया जाना चाहिए।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि देश की आजादी के समय कानपुर नगर देश के समृद्ध महानगरों में से एक था। उपेक्षा के कारण बीच के समय में इसकी प्रगति वैसी नहीं हो पाई, जैसी होनी चाहिए थी। अब विकास के कार्यों को तेज गति से चलाकर कानपुर महानगर की पहचान को पुनः स्थापित करना है। इस दिशा में आज के कार्यक्रम के माध्यम से 1,001 महिलाओं को आर्थिक रूप से स्वावलम्बन देना, एक महत्वपूर्ण कदम है। महिला स्वयं सहायता समूह प्रदेश में अच्छा काम कर रही हैं। महिलाएं इससे जुड़कर आर्थिक रूप से सबल बन रही हैं। हमें इन्हें और भी साधन सम्पन्न बनाकर सशक्त बनाना है। महिलाओं को स्वरोजगार चलाने के लिए सरकार कच्चा माल उपलब्ध कराएगी और उनके द्वारा निर्मित वस्तुओं के लिए बाजार भी उपलब्ध कराएगी।
कार्यक्रम को विधान सभा अध्यक्ष श्री सतीश महाना ने भी सम्बोधित किया।
इस अवसर पर औद्योगिक विकास मंत्री श्री नन्द गोपाल गुप्ता ‘नन्दी’, सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम मंत्री श्री राकेश सचान, महिला कल्याण राज्यमंत्री श्रीमती प्रतिभा शुक्ला, विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी राज्यमंत्री श्री अजीत पाल सहित अन्य जनप्रतिनिधिगण, जे0के0 समूह के प्रबन्ध निदेशक श्री अभिषेक सिंघानिया, मुख्य कार्यकारी अधिकारी श्री मनीष मानसिंगका, अध्यक्ष एवं प्रबन्ध निदेशक सिंगर इंडिया श्री राकेश खन्ना एवं शासन-प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
