भारतीय जनता पार्टी की केंद्रीय चुनाव समिति ने रविवार देर रात राज्यसभा उम्मीदवारों के नाम फाइनल कर दिए हैं। बीजेपी ने 2019 में होने वाले आम चुनावों को देखते हुए जातिगत गणित भी साधने की कोशिश की गई है। पार्टी ने उत्तर प्रदेश से अशोक बाजपेयी, विजयपाल सिंह तोमर, सकल दीप राजभर को टिकट देकर ब्राह्मण और पिछड़े वोटरों को साधने की कोशिश की है।
किरोड़ीलाल मीणा और नारायण राणे भी शामिल
बीजेपी ने अप्रैल में होने वाले राज्यसभा चुनाव के लिए रविवार देर रात को प्रत्याशियों के नाम पर मुहर लगा दी है। भारतीय जनता पार्टी ने छत्तीसगढ़ से सुश्री सरोज पांडेय को राज्यसभा का उम्मीदवार बनाया है। उत्तराखंड से अनिल बलूनी, राजस्थान से किरोड़ीलाल मीणा और मदन लाल सैनी को टिकट दिया गया है। वहीं महाराष्ट्र से नारायण राणे, वी. मुरलीधरन को उम्मीदवार बनाया गया है। पार्टी ने हरियाणा से रिटायर्ड लेफ्टिनेंट जनरल डी वी वत्स को राज्यसभा का प्रत्याशी बनाया है। जबकि मध्य प्रदेश से अजय प्रताप सिंह और कैलाश सोनी को राज्यसभा भेजा जाएगा।
बीजेपी ने उत्तर प्रदेश से अशोक वाजपेयी, विजयपाल सिंह तोमर, सकल दीप राजभर, कान्ता कार्डम, अनिल जैन, पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता जी वी एल नरसिंम्हा राव और हरनाथ सिंह यादव को राज्यसभा का उम्मीदवार बनाया गया है। वहीं कर्नाटक से राजीव चंद्रशेखर और झारखंड से समीर उर्नव को टिकट दिया गया है।